EXCLUSIVE: मशहूर मॉडल की मौत में भी है सिमरन का हाथ!

मुंबई. करन कक्कड़ और अरुण टिक्कू हत्या मामले में आये दिन कुछ न कुछ चौंका देने वाले खुलासे हो रहे हैं. इस मामले में अब एक नया मोड़ आया है. पुलिस को आशंका है कि मशहूर अंतर्राष्ट्रीय रैम्प मॉडल विवेका बाबाजी की मौत के तार भी सिमरन सूद से जुड़े हो सकते हैं.
इस आशंका का आधार विजय पलांडे का एक बयान बना है. मुंबई क्राइम ब्रांच को दिए बयान में विजय पलांडे उर्फ करन सूद ने कहा है कि सिमरन सूद के स्टॉक ब्रोकर और सोशलाइट गौतम वोरा से भी सम्बन्ध रहे हैं.
पलांडे ने दावा किया कि उसने सिमरन सूद उर्फ सपना से 1999 में आर्य समाज ढंग से शादी की थी और 2005 में जब वह जेल में था तब उसे सिमरन और गौतम सूद के संबंधों का पता चला था.
सूत्रों के मुताबिक वोरा के अभी भी सिमरन से अच्छे सम्बन्ध हैं जिसे मुंबई पुलिस ने समन भेजा है. हालांकि, फिलहाल वोरा कहां है इसका पता किसी को नहीं है.
गौरतलब है कि 37 वर्षीय मॉडल विवेका बाबाजी की छत से लटकती लाश उनके पली हिल फ्लैट में 2010 में पाई गई थी. 'काम सूत्र' कैम्पेन से मशहूर हुई विवेका के परिवार वालों ने वोरा पर आरोप लगाया था कि उसने विवेका को आत्म हत्या के लिए उकसाया था.
विवेका की मौत के बाद खार पुलिस के हाथ लगी उसकी पर्सनल डायरी में भी दोनों के बीच संबंधों में तनाव का जिक्र किया गया था. विवेका के पारिवारिक प्रवक्ता डाले भगवागर ने इस बारे में बताया कि "विवेका की मां के मुताबिक गौतम ने विवेका से अपनी शादी के बारे में बात की थी और दोनों ने अपनी कुंडली तक दिखवाई थी."
"लेकिन जून 2010 की एक रात दोनों के बीच कुछ गंभीर बातचीत हुई जिसके बाद अगले दिन विवेका की लाश पंखे से लटकती हुई पाई गई."डाले ने ये भी कहा कि, "गौतम का किसी और से सम्बन्ध है या नहीं इस बात का खुलासा सिर्फ वही कर सकते हैं."
चौंकाने वाली बात है कि खार पुलिस ने बाबाजी केस फाइल सिर्फ तीन हफ्ते बाद ही बंद कर दी, साथ ही साथ उसके पूर्व बॉयफ्रैंड कार्तिक जोबपुत्र, रोहित जुगराज तथा अन्य सात को क्लीन चिट दे दी थी.
क्राइम ब्रांच के एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि,"पलांडे न सिर्फ अपना बयान लगातार बदल रहा है बल्कि, उसके कुछ बयान तो विरोधभासी भी हैं. इसलिए अगर वह सिमरन और गौतम के सम्बन्ध के बारे में कुछ कह रहा तो उसकी जांच जरुरी है."





