'सबको मारता हूं इस फिल्म में तो सबने मेरी धुनाई कर दी'

बॉलीवुड स्टार सुनील शेट्टी, उदिता गोस्वामी अपनी आनेवाली फिल्म 'मेरे दोस्त पिक्चर अभी बाकी है' के प्रमोशन के सिलसिले में दैनिकभास्कर डॉट कॉम के भोपाल ऑफिस आए| उनके साथ फिल्म के निर्देशक रजनीश राज ठाकुर और राकेश बेदी और शाहवर अली भी मौजूद थे|
रजनीश ने फिल्म के बारे में चर्चा करते हुए बताया कि यह फिल्म अमर जोशी (सुनील शेट्टी)की कहानी है जो वीडियो लाइब्रेरी चलता है| उसका सपना है कि वह फिल्म मेकर बने। घर वालों के मना करने के बावजूद एक दिन वह लाइब्रेरी बेचकर लंदन के फिल्म इंस्टीट्यूट में एडमिशन लेता है और फिल्म मेकिंग के गुर सीखता है। वहां से वह सीधे मुंबई अपने दोस्त सूरज (राजपाल यादव) के यहां पहुंचता है जो छोटे-मोटे रोल करता है।
अमर का संघर्ष शुरू हो जाता है, लेकिन कोई निर्माता उसे अपनी फिल्म निर्देशित करने के लिए नहीं देता। मोंटी चड्ढा (राकेश बेदी) पीआर एजेंसी चलाता है और उसे लगता है कि अमर में अच्छा फिल्म निर्देशक बनने के सारे गुण हैं। वह उसके लिए फिल्म प्रोड्यूस करने के लिए तैयार हो जाता है।
सुनील ने अपने किरदार के बारे में बताते हुए कहा कि अभी तक आपने मुझे फिल्मों में लोगों की धुनाई करते हुए देखा होगा मगर इस फिल्म में मैं सबसे मार खाता दिखाई दूंगा|वहीं उदिता ने बताया कि वह फिल्म में टिपिकल बॉलीवुड अभिनेत्री मोहिनी का किरदार निभा रही हैं| मोहिनी बहुत ही नखरे दिखाने वाली अभिनेत्री है| अभी तक के बॉलीवुड करियर में उन्हें ऐसा किरदार निभाने का मौका नहीं मिला|








