परदे पर तो सिगरेट बैन हो चुकी है लेकिन किंग खान शाहरुख अब तक इसे नहीं छोड़ पाए हैं। वे पहले भी कई बार खुद से यह वादे कर चुके हैं कि अब वे धूम्रपान बिलकुल छोड़ देंगे। हालांकि इसमें कमी तो उन्होंने कर दी लेकिन पूरी तरह बंद अब तक नहीं कर पाए। इस बार वे कह रहे हैं कि वे इस आदत को छोड़कर ही रहेंगे।
बकौल शाहरुख ‘मैं स्मोकिंग छोड़ना चाहता हूं और कई कोशिशें कर चुका हूं। अब तो मुझ पर दबाब है कि मुझे किसी भी तरह धूम्रपान की लत छोड़ना ही है।’
शाहरुख ने यह स्पष्ट नहीं किया कि उन पर यह दवाब कौन बना रहा है। पिछले दिनों उन्होंने बेटी सुहाना का नाम जरूर लिया था। कहा था ‘सिगरेट की बू के कारण मेरी बेटी सुहाना मेरे पास नहीं आती है। अब तो मुझे यह आदत छोड़ना ही होगी।’
इस बार शाहरुख ने तगड़ी प्लानिंग कर रखी है। उन्होंने बताया कि ‘पहले मैं दिनभर में सिगरेट की संख्या कम कर दूंगा। धीरे-धीरे इसे बहुत कम करते हुए एक सिगरेट पर और फिर एक दिन बंद ही कर दूंगा।’
गौरतलब है कि पहले तो शाहरुख चेन स्मोकर थे लेकिन उन्होंने खुद ही इसे कम कर दिया था। हालांकि सवाल अब भी जस का तस है कि दवाब कहां से आ रहा है। बहरहाल यह प्रेशर जैसा भी है शाहरुख के लिए हितकर है।