संजू बाबा बोले, 'अरे बॉलीवुड से मेरी छुट्टी कराना चाहते हो क्या'

बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त और राणा डग्गुबती अपनी आनेवाली फिल्म 'डिपार्टमेंट' के प्रमोशन के लिए मुंबई के दैनिकभास्करडॉटकॉम के मुंबई ऑफिस आए।
दोनों ने इस दौरान दैनिकभास्करडॉटकॉम के अन्य संस्करणों से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए सवालों के जवाब दिए। संजय ने बताया कि फिल्म में वह एक पुलिस वाले के किरदार में हैं जो एक एनकाउन्टर स्क्वाड का नेतृत्व करते हैं। संजय ने कहा कि यह एक एक्शन से भरपूर फिल्म है। उन्हें एक्शन बहुत पसंद है और कॉमेडी वगैरह वह करके बोर हो गए थे इसलिए उन्होंने रामू की डिपार्टमेंट साइन की।
रामू के साथ संजय 14 साल बाद कम कर रहे हैं और उनके साथ काम करने के अनुभव बताते हुए संजय ने कहा, रामू बहुत ही अलग तरह की फिल्में बनाने के लिए जाने जाते हैं। उनकी फिल्म बनाने की तकनीक ही अलग है और इसलिए उनके साथ काम करने में मजा आता है।
बॉलीवुड के इस हीरो में अगला संजय दत्त बनने का दमखम है?
इस सवाल के जवाब पर हंसते हुए संजू बाबा बोले, आप बॉलीवुड से मेरी छुट्टी कराना चाहते हैं तभी यह सवाल पूछ रहे हैं। वैसे मैं कहूंगा तो आप कहेंगे की राणा साथ बैठे हैं इसलिए मैं यह बात कह रहा हूं मगर यह बहुत ही मेहनती हैं और बॉलीवुड में लंबा सफ़र तय करेंगे। वहीं राणा ने कहा कि संजय बहुत बड़े स्टार हैं और उनकी जगह कोई नहीं ले सकता।
बिग बी ने सिखाई हिंदी
राणा की यह दूसरी फिल्म है और इस फिल्म में वह महानायक अमिताभ बच्चन और संजय दत्त जैसे मंझे हुए सितारों के साथ काम कर रहे हैं। ऐसे में थोड़ा नर्वस होना तो लाजिमी है।
राणा ने बताया कि संजय और बिग बी ने उनकी काफी मदद की और शूटिंग के दौरान काफी सहयोग किया। राणा दक्षिण भारत के हैं ऐसे में उन्हें हिंदी बोलने में दिक्कत होती थी मगर बिग बी ने उन्हें हिंदी सिखाई और उनका हौसला बढ़ाया।
यह फिल्म 18 मई 2012 को रिलीज़ होगी।





