'इश्कज़ादे' अर्जुन को बधाई देने के लिए लगा बॉलीवुड सितारों का जमावड़ा

बांद्रा में बुधवार की रात मौसम में उमस थी। शाहरुख आईपीएल मैच में अपनी टीम की जीत के बाद जश्न और फिर बखेड़े में उलझे हुए थे। वहीं किंग खान के घर से कुछ ही दूरी पर एक पार्टी में माहौल बहुत कूल-कूल था। शाहरुख के इंडस्ट्री के कई दोस्त इस जश्न में शामिल थे।
अभिनेता से प्रोड्यूसर बने संजय कपूर और उनकी पत्नी महीप ने अपने भतीजे अर्जुन की सफलता को सेलिब्रेट करने के लिए पार्टी आयोजित की थी। सूत्रों की माने तो अतिथियों की लिस्ट में सलमान खान, करीना कपूर, करिश्मा कपूर, करन जौहर, सोहेल खान, अमृता अरोरा, मलाइका अरोरा खान, अर्पिता खान, अनुष्का शर्मा, रणवीर सिंह, शाहिद कपूर, नंदिता महतानी और कई अन्य शामिल थे।
एक सूत्र ने बताया, ‘पार्टी में करण जौहर छाए रहे। शाहरुख मुसीबत में फंसे थे लेकिन उनके दोस्त करण ने पार्टी में मौजूद रहने का फैसला किया। यही नहीं वे देर तक सलमान खान से बातचीत में मशगूल थे। हालांकि बाद में उन्हें जब लगा कि लोग इस बात को नोटिस कर रहे हैं तो उन्होंने बैकडोर से निकल जाना उचित समझा।’
पार्टी अर्जुन की सफलता की थी तो उनकी एक्स गर्लफ्रेंड अर्पिता खान भी नजर आईं। सूत्रों ने बताया, ‘पहले तो यह ‘खान-दान’ की पार्टी लग रही थी। इसमें पूरा परिवार मौजूद था। सोशल नेटवर्किग साइट्स पर अर्जुन को मशवीरा देने में सलमान की भूमिका की काफी चर्चा हो चुकी है। पार्टी में अर्जुन-अर्पिता सभी गिले-शिकवे भुलाकर ऐसे मिले जैसे उनमें कभी ब्रेकअप हुआ ही नहीं हो।’
जश्न में अनुष्का शर्मा और रणवीर सिंह भी शामिल हुए। सूत्रों ने बताया, ‘दोनों एक साथ एक ही कार में आए और साथ में गए भी। दोनों ने पार्टी का भरपूर लुत्फ उठाया और एक-दूसरे की कंपनी मे काफी सहज दिख रहे थे। इसे देखकर उनके फ्रेंडशिप और अफेयर की अफवाहें फिर से जोर पकड़ने लगी हैं।’
अपने कई साक्षात्कारों में प्रोड्यूसर आदित्य चोपड़ा को अपना मेंटर बता चुके हैं लेकिन इस जश्न में वे कहीं नजर नहीं आए। हां कपूर सिस्टर्स बेबो और लोलो जरूर पहुंची। करीना और करिश्मा कपूर को कभी रनवीर कपूर की पार्टी में नहीं देखा गया है लेकिन यहां दोनों की साथ-साथ मौजूदगी पर सभी अचंभे में थे। हालांकि अर्जुन के पिता प्रोड्यूसर बोनी कपूर और अभिनेता अनिल कपूर के गैरमौजूदगी का राज कोई नहीं समझ पाया।






