वैसे तो राजेश खन्ना ने डिंपल पर लट्टू होकर उनसे प्यार किया और फिर शादी की थी, लेकिन शादी के बाद वह डिंपल को बांध कर रख नहीं सके। उनके स्वभाव की वजह से डिम्पल ने आखिरकार खुद को उनकी जिंदगी से बाहर कर लिया। डिम्पल ने एक इंटरव्यू में कहा था, 'मैं वैसा ही करती थी जैसा उन्हें पसंद था। पर इसके लिए कभी उन्होंने एक शब्द भी नहीं कहा। उनके आसपास के लोग उनके चमचों की तरह थे। उनके साथ भी मुझे तालमेल बैठाना पड़ता था।' डिम्पल से उनकी मुलाकात का वाकया भी दिलचस्प है। बात सन 1972 के किसी महीने की है। बॉलीवुड में डिम्पल कापडि़या हॉट टॉपिक थीं। चारों और बस यही चर्चा थी कि राजकपूर उन्हें अपनी नई फिल्म 'बॉबी' में बतौर हीरोइन पेश कर रहे थे। यह पहला अवसर था जब राजकपूर एक नए चेहरे को लीड रोल में इंट्रोड्यूस कर रहे थे।