शराब पीकर हंगामा करने की अपनी आदत के कारण लगातार खबरों में बने रहने वाले राजा चौधरी इस बार जयपुर में धरे गए। शराब पीकर जयपुर में उत्पात मचा रहे फिल्म व टीवी अभिनेता राजा चौधरी व उनकी महिला मित्र को शुक्रवार को जवाहर सर्किल थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
चौधरी सुबह साढ़े ग्यारह बजे फोर्टिस अस्पताल के बाहर हंगामा कर रहे थे और उनकी गर्लफ्रेंड प्रवीणा चौधरी उनका साथ दे रही थी। चौधरी को हंगामा करते देख वहां काफी भीड इकट्ठा हो गई। इस बीच अस्पताल के गार्ड से उलझ पड़े और नशे में उन्हें कहने लगा कि ये अस्पताल नहीं होटल है। तुम मुझे अंदर क्यों नहीं जाने दे रहे हो।
बाहर जमा भीड़ के समझाने के बावजूद राजा नहीं माना और गाली गलौच पर उतर आया। इस बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी और पुलिस ने उन्हें शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। गौरतलब है कि राजा चौधरी पर इससे पहले मुंबई में मारपीट के कई मामले दर्ज हो चुके हैं। राजा की पूर्व पत्नी टीवी एक्ट्रेस श्वेता तिवारी ने भी शराब पीकर मारपीट करने के कई मामले उनके खिलाफ दर्ज करवाए हैं। मुंबई पुलिस ने उन्हें तड़ीपार भी किया था।
उल्लेखनीय है कि राजा चौधरी भोजपुरी फिल्मों के कलाकार हैं व बिग बॉस सीजन 2 में राहुल महाजन के साथ लंबे समय तक टीवी पर दिखे थे, उस समय भी उनके हिंसक व्यवहार के कारण उनकी निंदा होती रही है।