प्रियंका चोपड़ा के लिए पिछला वर्ष उतना लकी साबित नहीं हुआ। 2011 में वे परदे पर कम और खबरों में ज्यादा रहीं। इसके पीछे शाहरुख से उनकी दोस्ती की भूमिका महत्वपूर्ण रही। हालांकि वे अफवाहों से विचलित नहीं होतीं। वे सिर्फ अपने काम पर ध्यान दे रही हैं।
उनका कहना है कि इस वर्ष वे बेहतरीन फिल्में देंगी। उनके नए साल की शुरुआत तो अच्छी हुई है। ‘जी सिने अवॉर्डस’ में उन्हें बतौर होस्ट पसंद किया गया। २६ जनवरी को उनकी फिल्म ‘अग्निपथ’ रिलीज हो रही है। सभी की तरह उन्हें भी इस फिल्म से बहुत उम्मीदें हैं। वे कहती हैं ‘फिल्म रिलीज से पहले आज भी मैं नर्वस हो जाती हूं।’ हम पेश कर रहे हैं थोड़ी नर्वस थोड़ी कॉन्फिडेंट प्रियंका से बातचीत के कुछ अंश
आपको लगता है कि ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री पर ऑफस्क्रीन तालमेल का फर्क पड़ता है?
>> मैं नहीं समझती कि परदे पर अच्छी केमिस्ट्री दिखाने के लिए ऑफस्क्रीन भी एक्टर्स के संबंध प्रगाढ़ हों। अकसर हम नए कलाकारों के साथ काम करते हैं। ऐसी सोच आपके काम पर बुरा प्रभाव ही डालेगी।
परदे पर आप किसके साथ सबसे ज्यादा कम्फर्टेबल महसूस करती हैं?
>> अब तक मेरे सभी को-स्टार्स बेहतरीन रहे हैं। सभी के साथ काम के दौरान मैंने कुछ न कुछ सीखा ही है।
‘अग्निपथ’ के आइटम नंबर चिकनी चमेली व कैटरीना के डांस के चर्चे बहुत हैं। आपको असुरक्षा महसूस नहीं होती?
>> मैं फिल्म की लीड हीरोइन हूं। इनसिक्योरिटी का सवाल ही नहीं उठता। कैट ने बेहतरीन परफॉर्मेस दी है जिसका फायदा फिल्म को ही मिल रहा है। इससे अच्छी बात क्या हो सकती है।
मौका मिले तो क्या आप भी आइटम नंबर करना पसंद करेंगी?
>> बिलकुल! यदि कोई अच्छा प्रस्ताव आएगा तो मैं जरूर इसे स्वीकारूंगी। पब्लिक इन्हें पसंद कर रही है।
आप फिल्मों के चयन को करियर के लिए कितना महत्वपूर्ण मानती हैं?
>> यह बेशक अहम फैसला होता है लेकिन मुझे किसी भी तरह की भूमिका और फिल्म से परहेज नहीं है। मैंने निगेटिव किरदार भी निभाए हैं और दर्शकों के साथ क्रिटिक्स ने भी मेरी अदाकारी को सराहा है। मैंने एक्शन भी की है और सीधी-सादी लड़की का रोल भी किया है। मैं समझती हूं कि किरदार और आपके अभिनय में दम हो तो साधारण फिल्म भी दर्शकों को पसंद आती है।
अपना सबसे बड़ा प्रतिद्वंद्वी आप किन्हें मानती हैं?
>> मैं सिर्फ अपने काम पर ध्यान देती हूं। असल में मेरी कॉम्पटिशन खुद से ही है। मैं चाहती हूं कि लगातार अच्छा काम करती रहूं। वैसे इस साल मेरी कुछ बेहतरीन फिल्में आने वाली हैं। मुझे उम्मीद है कि मैं अपने प्रशंसकों को निराश नहीं करूंगी।
निर्देशक करण मल्होत्रा ‘अग्निपथ‘ से डैयू कर रहे हैं। उनके साथ काम करना कैसा अनुभव रहा।
>> करण (मल्होत्रा) बहुत टैलेंटेड और मेहनती हैं। मुझे तो लगता है कि यह मेरी खुशनसीबी है कि मैं उनकी शुरुआत का हिस्सा हूं। यह फिल्म एक चैलेंज थी क्योंकि हमारे सीनियर्स ने मूल फिल्म में लाजवाब काम किया है। करण की हिम्मत काबिलेतारीफ है।