टीवी ने मुझे औरतों के बीच पहचान दिलाई थी। रॉकऑन ने मुझे युवा दर्शकों में लोकप्रिय किया था और वंस अपॉन से मेरी पहचान का दायरा बढ़ा है। इससे मैं आम जनता के बीच पहुंच गई। वंस अपॉन ए टाइम जैसी बड़ी और पॉपुलर जॉनर की फिल्म में काम करने का यह लाभ मुझे मिला। एक कलाकार लालची और महत्वाकांक्षी होता है। मैं हर तरह की फिल्में करना चाहती हूं। मैं ज्यादा से ज्यादा फिल्मों में काम करना चाहती हूं। यह कहना है फिल्म अभिनेत्री प्राची देसाई का। वे भोपाल में एक मोबाइल शो रूम के लांचिग शो में शामिल होने आईं। इस अवसर पर खूबसूरत प्राची ने दैनिकभास्कर से खास बातचीत की।
मेहनत करूं तो मिल सकती है अच्छी पॉजीशन
मुझे तेज भागने के बजाय धीरे-धीरे चलना अच्छा लगता है। अभी मुझे काफी कुछ सीखना है। मुझे लगता है, अगर मेहनत करूं तो मैं बॉलीवुड में अच्छी पोजीशन हासिल कर सकती हूं। इमरान के साथ काम करना मेरा अब तक का सबसे प्यारा अनुभव है। वे मेरे पसंदीदा सह-अभिनेता हैं। मैं बहुत लकी हूं कि मुझे अपने कॅरियर में अलग-अलग तरह की भूमिकाएं निभाने का मौका मिला।
आगामी प्रोजेक्ट
मेरी आने वाली फिल्म जोकर बहुत सेंसिबल और रोमांटिक है। इसकी स्टोरी थोड़ी अलग हटकर है, इसमें मेरे साथ हैं टीवी स्टार राजीव खंडेलवाल। यह रोमांटिक और इमोशनल फिल्म है। इसके निर्देशक विक्रम सूरी हैं। यह उनकी पहली फिल्म है। इसमें राजीव मेरे अपोजिट हैं। फिल्म का यह फाइनल टाइटल नहीं है। मैं किसी फिल्म में एक यंग गर्ल का किरदार निभाने के लिए इंतजार कर रही थी पर मेरे पास वैसे ऑफर नहीं आ रहे थे। विक्रम ने मुझे इस फिल्म में वह मौका दिया। इसमें मेरा किरदार एक यंग और बबली गर्ल का है, बिल्कुल मेरी तरह का। इसके साथ ही ‘बोल बच्चन’ पर काम कर रही हूं। बोल बच्चन में अभिषेक बच्चन के साथ नजर आऊंगी। यह एक कॉमेडी मूवी है। मुझे इसमें काम करने में काफी मजा आया। कॉमेडी करना बहुत डिफिकल्ट है यह मैंने फिल्म में अभिनय के दौरान जाना। मैंने अभी कई तरह की फिल्में की हैं, लेकिन अभी मुझे आर्ट मूवी करने का मौका नहीं मिला, एक बार उसका एक्सपीरियंस भी लेना चाहती हूं।
बीते दो साल रहे शानदार
पिछले दो साल मेरे जीवन के शानदार रहे। मुझे फिल्मों में सफलता मिली। टीवी एक्ट्रेस की पहचान से छुटकारा मिला। फिल्म इंडस्ट्री ने मुझे स्वीकार किया। दर्शकों ने मुझे अपनाया और सफल फिल्म अभिनेत्री की नई पहचान मिली। इन चीजों के लिए मैं इंडस्ट्री और दर्शकों की आभारी हूं, साथ ही खुश भी। मैं आगे भी अच्छी फिल्मों का हिस्सा बनती रहूंगी।