मल्लिका शेरावत चर्चा में आने के टोटके बखूबी जानती हैं, इसीलिए कानूनी प्रकरणों से घबराने की बजाय उन्हें पब्लिसिटी का ज़रिया मानती हैं। अब वे बॉलीवुड के एक और चलन के हिसाब से ‘भाई-भतीजावाद’ करने वाली हैं...। 31 दिसंबर की रात के जश्न में परफॉर्म करने के लिए मल्लिका शेरावत की डिमांड हर बार रहती है। इस बार वे मुंबई के जुहू स्थित एक होटल की रौनक बढ़ाएंगी।
हमने मल्लिका से बातचीत की शुरुआत इसी से जुड़े सवाल से की
परफॉर्म करने के मौके के अलावा नया साल आपके लिए किस तरह खास होता है?
मुझे भी आप लोगों की तरह नए साल का इंतजार रहता है। इसकी खु़शी पर मैं अपने अंदर एक नई एनर्जी महसूस करती हूं। यह ऐसा जिंदादिल माहौल होता है, जो सबमें ताकागी और एनर्जी भर देता है।
एक बार आपकी पारदर्शी ड्रेस पर केस दर्ज हो गया था। आपने ऐसे मामलों से क्या सीखा?
इंडस्ट्री में अपने नौ सालों में मैंने सीखा है कि जब तक आप पर कई केस नहीं हो जाते हैं, तब तक आप बड़े स्टार नहीं बन सकते हैं।
आप नए साल के जश्न में किन गानों पर परफॉर्म करेंगी?
अपने पॉपुलर गानों के साथ ही ‘कोलावरी डी ...’ और ‘ ऊ ला ला ..’ जैसे आज के दूसरे पॉपुलर गानों पर भी परफॉर्म करूंगी। हमारे इस शो को ‘फिएस्टा विद सेनोरिटा’ नाम दिया गया है। शो के टाइटल के हिसाब से ही तड़कते-भड़कते गाने रखे हैं।
सुना है कि जब से आप विदेशी फिल्मों में काम करने लगी हैं, तब से अपने कई पुराने निर्माताओं के लिए दुर्लभ हो गई हैं। ‘मर्डर’ के निर्माता महेश भट्ट की ओर से भी ऐसी बात सुनाई दी है?
मुझे उनकी तरफ से कोई अप्रोच नहीं किया गया है। अगर उनकी तरफ से मुझे कोई अच्छी स्क्रिप्ट मिली, तो मैं कारूर करना चाहूंगी।
क्या जैकी चेन के साथ आप का संपर्क अब भी बना हुआ है?
जी हां, उनके साथ मेरा सतत संपर्क है। हम अक्सर फोन पर बातें करते हैं। उनके साथ मेरे संबध अब भी पहले की तरह अच्छे हैं।
विदेशी फिल्मों में अब आप अपने लिए किस तरह के अवसर देख रही हैं?
एक अच्छी एक्ट्रेस के तौर पर वहां मेरी पहचान बनी है। अब मुझे वहां अच्छे किरदार मिल रहे हैं। ‘पॉलिटिक्स ऑफ लव’ में मेरा अरेथा गुप्ता का किरदार काफी पसंद किया गया है।
ऐसी पहचान बनाने वाले किन भारतीय कलाकारों के नाम लेंगी...
विदेशों में भी ऐसी फिल्में बन रही हैं, जिनमें हमारे देसी दर्शकों की पसंद को ध्यान में रखा जा रहा है। इन दिनों मैं अनिल कपूर जी, फ्रिडा पिंटो, गुलशन ग्रोवर जी आदि का नाम विदेशी फिल्मों में खूब सुन रही हूं।
क्या आप अपने भाई विक्रम लांबा को स्वयं लांच करने वाली हैं?
कई तरह की बातें चल रही हैं। मेरा भाई काफी टैलेंटेड और सुदर्शन है। उसने थिएटर किया है और अपने करियर को लेकर काफी गंभीर है तो सोचती हूं कि किसी दिन कोई प्रोड्यूसर उसे मिल जाएगा। वरना मैं तो हूं ही। आखिर बॉलीवुड में यही तो चलता है कि यह मेरा भाई है, भतीजा है, बेटा है, बेटी है, वगैरह-वगैरह। फिलहाल, कोई पुख्ता बात नहीं हुई है। हम कोशिश कर रहे हैं और वह अपनी तैयारी कर रहा है।
अभी आपकी आने वाली फिल्में कौन सी हैं?
‘किस्मत किस्सा दिल्ली’, ‘लकी अनलकी’ और एक फिल्म विवेक ओबेराय के साथ कर रही हूं। सभी में मेरी मुख्य भूमिकाएं हैं।
और वहां हॉलीवुड में क्या चल रहा है?
हाल में मेरी एक फिल्म ‘पॉलिटिक्स ऑफ लव’ रिलीज़ हुई है। बड़ी अच्छी चल रही है। फिल्म को काफी अच्छी समीक्षाएं मिली हैं।