मधु से कॉन्ट्रैक्ट मैरिज करने का बनाया आरके ने प्लान!

हर लडक़ी का एक ही सपना होता है कि उसे एक ऐसा परफेक्ट इंसान मिले, जो उसका अच्छे व बुरे, दोनों ही समय में ख्याल रखे। लेकिन धारावाहिक 'मधुबाला' में मधु (दृष्टि धामी) के साथ मामला बिल्कुल अलग है। मधु के नहीं चाहने के बावजूद भी सबसे हैंडसम व अमीर इंसान आरके उर्फ रिषभ कुन्द्रा (विवियन डिसेना) से उसे शादी करनी पड़ेगी। इंडियन टेलीविजन के इतिहास में पहली बार दर्शक एक गलत परंपरा वाली कॉन्ट्रैक्ट शादी देखेंगे।
इस शादी से मधु का एक हैंडसम व परफेक्ट इंसान से शादी करने का सपना तो पूरा हो सकता था, लेकिन आरके उसकी यह खुशी नहीं देख सकता है, क्योंकि वह मधु की लाइफ को बर्बाद करने की कसम खा चुका है। इसके लिए वह उसकी फैमिली को टारगेट करता है और उनसे यह शादी नहीं करने देने की बात कहता है। वह ऐसी परिस्थितियां पैदा कर देता है, जिसके कारण मधु को न चाहते हुए भी आरके की अनुचित बातों को मानना ही पड़ता है। कहानी आगे बढ़ती है और शमशेर मलिक आरके की साजिशों का शिकार हो जाता है। शमशेर वही इंसान है, जिसने मधुबाला और उसकी फैमिली को अपने यहां पनाह दी थी। शमशेर एक स्टंटमैन है, जो शूटिंग में तो गुंडों से आसानी से लड़ जाता है, लेकिन आरके के गुंडों के आगे उसकी एक नहीं चलती है। उसे आई गंभीर चोटों के कारण अस्पताल में दाखिल करवाया जाता है, जिसके भारी-भरकम बिलों की वजह से मधु और उसकी फैमिली को आरके के दरवाजे पर जाना पड़ता है।
इसके बाद असली बॉलीवुड स्टाइल वाला ड्रामा शुरू होता है। आरके एक शर्त पर मधु की हेल्प करने के लिए तैयार हो जाता है। उसकी शर्त यह होती है कि मधु को उससे शादी करनी होगी और उसके हिसाब से बाकी जिंदगी गुजारनी होगी। मधु के पास इस शर्त को मानने के अलावा और कोई रास्ता नहीं बचता है। इसके बाद दोनों सात की जगह केवल साढ़े तीन फेरे ही लेते हैं, जिसमें मधु अपने पति की हर बात स्वीकार करती है। वहीं, आरके मधु के सपनों को चकनाचूर कर देता है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि दोनों एक साथ पूरी लाइफ कैसे बिताते हैं। क्या मधु आरके को अपने सामने झुकने पर मजबूर करती है या फिर वह आरके से प्यार करने लगती है?








