नोएडा.शाहरुख खान ने कहा कि 'असली वाले डॉन' मीठा बोलने वाले, अच्छे लोग होते हैं। उनकी नजर में शोहदे उग्र और आक्रामक होते हैं।
अपनी फिल्म 'डॉन 2' के प्रोमोशन के लिए दैनिकभास्कर.कॉम के दफ्तर आए शाहरुख ने कहा कि उन्होंने भी दिल्ली में काफी दादागीरी की है। शाहरुख देश के आठ शहरों के दैनिकभास्कर.कॉम के पाठकों से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए रूबरू थे।
असली डॉन के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में डॉन ने कहा, मैं बहुत से डॉन से मिला हूं, वो यारों के यार और दुश्मनों के दुश्मन होते हैं। और डॉन के बारे में सबसे रोचक बात यह होती है कि जो जितना बड़ा डॉन होता है वो बात करने में उतना ही अच्छा होता है और जो छुटभैय्ये डॉन होते हैं वो अपने बारे में फालतू बकवास करते हैं।
एक डॉन से असली मुलाकात को याद करते हुए शाहरूख खान ने कहा एक बार में एक सार्वजनिक स्थान पर था जहां मेरे पास एक अजनबी आया। उसने मुझे सिगरेट ऑफर की लेकिन मैंने कहा कि मेरे पास पहले से है। मैं डर गया था, डॉन से मिलकर आप सच में डर जाते हैं। खैर शाहरूख खान तो असल जिंदगी में असली डॉन से मिले हैं, हम तो सिर्फ कयास ही लगा सकते हैं कि डॉन से मिलने का अनुभव कैसा होता है, उम्मीद है वो इतने डरावने नहीं होते जितना उन्हें फिल्मों में दिखाया जाता है। उन्होंने 'डॉन 2' और अपनी पसंद-नापंसद के बारे में कई दिलचस्प बातें बताईं। उनसे हुई पूरी बातचीत वीडियो में देखें-सुनें।