इस साल 3 मई को दिए जाने वाले राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों के चयन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। सूचना-प्रसारण मंत्रालय ने नामी अभिनेत्री रोहिणी हट्टंगडी को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों के चयन के लिए बनाई गई फीचर फिल्म ज्यूरी (निर्णायक मंडल) का प्रमुख बनाने का फैसला किया है। कई श्रेणियों के लिए दिए जाने वाले फीचर फिल्म पुरस्कारों के चयन के लिए इस बार पांच क्षेत्रीय ज्यूरी और एक केन्द्रीय ज्यूरी बनाई गई है।
सूत्रों के अनुसार, नामी गायक हरिहरन, राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्राप्त फिल्मकार श्यामा प्रसाद, 'सुरसंगम', 'ईश्वर', 'संगीत', 'धनवान' जैसी हिन्दी फिल्म समेत कई दक्षिण भारतीय फिल्मों के नामी डायरेक्टर के. विश्वनाथ, 'गॉड मदर' के डायरेक्टर विनय शुक्ला जैसे लोगों को अलग अलग क्षेत्रीय ज्यूरी में डाला गया है। 'गांधी' फिल्म में कस्तूरबा गांधी का किरदार निभाने वाली रोहिणी हट्टंगडी उस केंद्रीय ज्यूरी की अध्यक्ष होंगी जिसे अंतत: पुरस्कारों की चयन करना है।
इन फिल्म पुरस्कारों के चयन के लिए जिम्मेदार दिल्ली स्थित फिल्म समारोह निदेशालय के एक अधिकारी ने कहा कि पांच क्षेत्रीय ज्यूरी का गठन इसलिए किया गया है ताकि यह ज्यूरी अपने अपने क्षेत्राधिकार वाली फिल्मों की एंट्री में से कुछ फिल्मों का चयन कर ले जो पुरस्कार की दावेदार हो सकती हैं। इसके बाद, पांचों क्षेत्रीय ज्यूरी द्वारा चुनी गई फिल्मों को केन्द्रीय ज्यूरी देखती है और पुरस्कारों का चयन करती है। क्षेत्रीय ज्यूरी के प्रमुखों को बतौर सदस्य केन्द्रीय ज्यूरी में शामिल होना होता है।
सूत्रों के अनुसार, दक्षिण वाली ज्यूरी के प्रमुख बंगाल की सांस्कृतिक हस्ती आलोक नंदा रे को, उत्तर की ज्यूरी के प्रमुख नामी गायक हरिहरन को, पूर्व की ज्यूरी के प्रमुख तमिल अभिनेता केपी कुमार को, पश्चिम की ज्यूरी के प्रमुख विनय शुक्ला को बनाया गया है। जैसा कि भास्कर ने खबर दी थी, 2011 के राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों के लिए दिल्ली स्थित फिल्म समारोह निदेशालय के पास रिकार्ड एंट्री आई है और केवल फीचर फिल्मों के लिए 185 फीचर फिल्मों के प्रोड्यूसर्स ने अपनी फिल्में भेजी हैं जो अभी तक का रिकार्ड है।
सूत्रों ने बताया कि जल्द ही फीचर फिल्म ज्यूरी फिल्में देखने के काम में लग जाएगी। सिनेमा पर श्रेष्ठ लेखन के लिए दिए जाने वाले पुरस्कार के चयन के लिए सूचना व प्रसारण मंत्रालय ने डॉक्यूमेंट्री फिल्मकार और फिल्म शोध से जुड़ी लेखिका विजया मुले को बनाया गया है।