नई दिल्ली. फिल्मकार महेश भट्ट अपने दिवंगत आध्यात्मिक गुरु रजनीश के दर्शन ‘संभोग से समाधि तक’ का फिल्मी अवतार ला रहे हैं। शूटिंग से पहले ही चर्चा में आई ‘जिस्म 2’ एक औरत (जिसकी भूमिका सनी लियोनी निभाएंगी) की जिस्म से शुरू होकर आध्यात्म तक की यात्रा वृतांत होगी।
महेश भट्ट ने ‘दैनिक भास्कर’ को बताया कि दर्शकों को लगता कि वही देखा हुआ मंजर है। लहजा, बोलचाल और भावनाएं भी पुरानी हैं। इसलिए उन्होंने सोचा, क्यों न कुछ नया किया जाए। बकौल भट्ट, सनी को फिल्म में लेने का खयाल 1993 में ही आया था। पर उस वक्त बात नहीं बनी थी। सनी के ‘बिग बॉस’ के घर आने के बाद उन्होंने ‘जिस्म 2’ के लिए फाइनल किया। उन्होंने बताया कि इस रोल के लिए मल्लिका शेहरावत व बिपाशा बसु भी इच्छुक थीं।
क्या वे ‘जिस्म 2’ से सारी हदों को लांघने वाले हैं? पूछने पर भट्ट बताते हैं कि बॉलीवुड की सारी हीरोइनें अपने शरीर उघाडऩे वाले सीन के लिए बॉडी डबल का इस्तेमाल करती हैं। लेकिन सनी सेमी इरॉटिक या सॉफ्ट पोर्न दृश्यों में भी अपनी पृष्ठभूमि की वजह से सहज रहेंगी।
महेश भट्ट के मुताबिक, इस फिल्म का सफर जिस्म से शुरू होकर आध्यात्म तक जाएगा। ‘आप इसकी तुलना रजनीश के संभोग से समाधि तक के दर्शन से कर सकते हैं। यह मेरी अपनी जिंदगी की भी गाथा है। आग से खेलने वाला आदमी ही आग के अनोखे स्वाद से परिचित होता है। पोर्न इंडस्ट्री में काम कर चुकी सनी ही वह भूमिका कर पाएगी जिसमें एक पोर्न स्टार की त्रासदी की गूंज चरित्र निभाने वाले की रोम-रोम में हो।’
फिल्म ट्रेड में ‘जिस्म 2’ को लेकर अभी से काफी उत्सुकता है। फिल्म की कुल 40 दिन की शूटिंग अप्रैल- मई में शुरू होगी और यह दिसंबर तक रिलीज होगी। सनी की फीस के बारे में महेश भट्ट ने कहा, ‘मैंने और पूजा ने उसे स्पष्ट कर दिया है कि हमारा ब्रांड उससे बड़ा है। हम खुद को अंडर सेल नहीं करेंगे। उसकी फीस फिल्म के व्यवसाय पर उसके होने से पडऩे वाले असर के आधार पर तय होगा।’ कुरेदने पर वे कहते हैं कि सनी की फीस की तुलना मल्लिका शेहरावत की प्रति फिल्म फीस से कर सकते हैं। माना जाता है कि मल्लिका एक फिल्म के लिए 1.5 से 2 करोड़ रुपए लेती हैं।
फिल्म में सनी के साथ जॉन अब्राहम के आने की भी चर्चा है। डायरेक्टर पूजा होंगी। कहानी व पटकथा महेश भट्ट लिखेंगे।