शिल्पा का पति होना, 'IS A TOUGH JOB'

बिजनेस टाइकून और एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा दैनिकभास्कर.कॉम के मेहमान बने. वह ओलिंपिक में कांस्य पदक जीत देश का गौरव बढ़ाने वाली मैरीकॉम के साथ अपना अगला प्रोजेक्ट सुपर फाइट लीग प्रमोट करने हमारे मुंबई ऑफिस आए.
राज ने इस दौरान बातचीत में कहा कि वह बहुत खुश हैं कि उन्हें एसएफएल को प्रमोट करने के लिए बॉलीवुड का प्लेटफॉर्म मिला है.यह सब शिल्पा की बदौलत है, जिन्होंने उन्हें संजय दत्त से मिलवाया. संजय सुपर फाइट लीग में राज के बिजनेस पार्टनर हैं.
हाल ही में इस लीग के लिए एक रियलटी शो भी बनाया गया था, जिसे मिले रिस्पांस से राज बेहद खुश नजर आए. उन्होंने कहा कि अब मैरीकॉम जैसी बेहद सफल खिलाड़ी के लीग से जुड़ने और ब्रांड एम्बेसडर बनने से काफी फायदा होगा.
राज ने मैरी की तारीफ करते हुए कहा कि उनके बारे में क्या कहूं, उन्होंने देश का नाम रोशन किया है, वह फाइटर हैं, मुश्किलों से लड़ कर इस मुकाम तक पहुंची हैं. ऐसे में हम यही चाहेंगे कि उनके जैसे अन्य और खिलाड़ियों को इस लीग से मौके उपलब्ध कराएं.
राज से जब पूछा गया कि इतनी सुन्दर सेलिब्रिटी पत्नी के साथ लाइमलाइट शेयर कर उन्हें कैसा लगता है तो उन्होंने हंसते हुए कहा,' यह बहुत ही टफ जॉब है, मगर किसी न किसी को तो शिल्पा का पति बनना ही था.'
इसके अलावा जब राज से पूछा गया कि संजय दत्त कैसे बिजनेस पार्टनर हैं तो उन्होंने कहा, 'बहुत ही बुरे, वो तो शुक्र है उनकी पत्नी मान्यता सब संभाल लेती हैं, वह मेरे भाई जैसे हैं और बहुत ही अच्छे इंसान हैं. मैं उन्हें लेकर एक फिल्म 'ढिशकियाऊं' बना रहा हूं.'
राज ने आगे सुपर फाइट लीग के बारे में बात करते हुए कहा, 'इस लीग में देश भर से चुने हुए मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स के खिलाड़ियों को मौका दिया जाएगा.'






