फिल्म मीनाक्षी में अपनी डिंपल वाली स्माइल और रंग दे बसंती में अपनी शायरी से सबका दिल लूटने वाले हैंडसम कुणाल कपूर मीडिया से दूर-दूर ही रहते हैं| मगर अनुराग कश्यप की आनेवाली फिल्म लव शव ते चिकन खुराना... में मुख्य भूमिका निभा रहे कुणाल अब सामने आने को मजबूर हो ही गए हैं| इस फिल्म में वह नयी अदाकारा हुम कुरैशी के साथ काम कर रहे हैं|हाल ही में उनसे हुई विशेष बातचीत में उन्होंने फिल्म और अन्य मुद्दों पर खुलकर चर्चा की|पेश हैं बातचीत के मुख्य अंश:
लव शव ते चिकन खुराना... फिल्म का नाम तो बड़ा दिलचस्प है..इस फिल्म की स्टोरी क्या है?
वैसे ये बात काफी हैरान करने वाली है कि इस देश में जहाँ खाने-पीने के लोग इतने शौक़ीन हैं तब भी किसी फिल्म मेकर ने ऐसे सब्जेक्ट और टाइटल पर फिल्म नहीं बनाई| मुझे ख़ुशी है कि मुझे इस फिल्म में काम करने का मौका मिला|यह फिल्म एक पंजाबी ज्वाइंट फैमिली की कहानी है जिसमें एक प्यारी सी लव स्टोरी को भी जगह दी गई है|
क्या इसकी शूटिंग शुरू हो चुकी है और अगर हां तो इतने लंबे स्टडी ब्रेक के बाद आपको कैमरे के सामने आना कैसा लग रहा है?
हां, मैं काम और पढ़ाई में सामंजस्य बिठाने की कोशिश कर रहा हूं| मैंने अभी तक परीक्षा नहीं दी है और जनवरी में फिल्म की शूटिंग ख़त्म होते ही मैं पढ़ाई में लग जाऊंगा| हम 20 दिनों के लिए पंजाब जाएंगे और पहला शूटिंग शेड्यूल दिसंबर में ख़त्म होगा| इसके बाद लंदन में पांच दिन और शूटिंग चलेगी फिर इसे मुक्त होकर मैं पढ़ाई में जुट जाऊंगा|
क्या फिल्म की शूटिंग के वक्त स्थानीय पंजाबियों से खाने को लेकर सलाह मशविरा लिया गया ?पंजाब तो अपने लजीज खाने के लिए मशहूर है|
इस बारे में मुझे ज्यादा जानकारी तो नहीं मगर कुछ स्थानीय लोगों से सलाह जरुर ली गई थी| फिल्म में दर्शकों को काफी तड़के देखने को मिलेंगे|पंजाबी खाने का कोई सानी नहीं खासकर ढाबे पर मिलने वाला खाना तो लाजवाब होता है|
आप अमृतसर से हैं, हमें यहाँ बिताये अपने बचपन के बारे में कुछ बताएं?
मैं अमृतसर का हूं जरुर मगर पला बढ़ा मुंबई में हूं| हम छुट्टियों में अपने परिवार के साथ अमृतसर आया करते थे और यकीं मानिये मैं और मेरी बहन बहुत मस्ती किया करते थे|हम पानी भरी टंकी में डुबकी लगाया करते थे और अब जब भी मैं यहां आता हूं हमारी पुश्तैनी कोठी पर जरुर जाता हूं जहां अब कई दुकानें खुल गई हैं|
क्या गिनी चुनी फिल्में करने का आपका निर्णय सही है?
बिलकुल, मैं ऐसी फिल्में नहीं कर सकता जो मुझे न जंचें| मैं पहले फिल्म की स्क्रिप्ट सुनता हूं अगर मुझे उसमें गड़बड़ लगती है तो मैं वो फिल्म नहीं कर सकता|
आप चर्चा में बने रहना पसंद क्यों नहीं करते, आपकी कोई लिंक अप की अफवाह भी नहीं सुनाई दी आजतक?
हाहाहा...हो सकता है मैं समझदार हूं...वैसे आपको बता दूं लाइम लाइट से दूर रहना मुझे पसंद है क्योकि मैं बहुत ही अंतर्मुखी और प्राइवेसी पसंद इंसान हूं| मुझे घटिया पब्लिसिटी पसंद नहीं|
क्या आप किसी के साथ रिलेशनशिप में हैं जिनका नाम आप सार्वजनिक नहीं करना चाहते?
मैं इस बारे में कोई बात नहीं करना ही ठीक समझता हूं|
आपने अपने बारे में अभी तक ऐसी कौन सी अफवाह सुनी जिसे सुन आप चौंक गए हों?
मैं उस समय सोच में पद जाता हूं जब मैं अपने बारे में यह सुनता हूं कि मेरी गर्लफ्रेंड से मेरा ब्रेकअप हो गया|
फिल्म से आपको क्या उम्मीदें हैं...क्या आप दबाव महसूस कर रहे हैं?
हमने मेहनत से काम किया है बाकि सब भगवान पर है|ऐसा कोई दबाव नहीं है|