रनबीर कपूर की फिल्म ‘रॉकस्टार’ पिछले सप्ताह ही बॉक्स ऑफिस पर आई। उनसे मिलने पर हालिया रिलीज का तनाव जरा भी दिखाई नहीं देता। रनबीर ने शुरू से ही अपनी पसंद के प्रोजेक्ट्स को प्राथमिकता दी है। फिल्मों को मिलने वाले रिव्यूज के परे वे अपने भीतर के एक्टर को संतुष्ट रखने के लिए काम करते हैं।
कपूर खानदान का नैसर्गिक गुण ‘सफलता कभी सिर चढ़कर नहीं बोलती और विफलता से डूबते नहीं’ उनमें कूट-कूट कर भरा है। वे कहते हैं जीत-हार के बजाए प्रक्रिया को संपूर्णता से जीने में विश्वास रखता हूं। रनबीर साफगोई से बताते हैं कि वे स्कूली दिनों में औसत छात्र थे जिसका ध्यान पढ़ाई के बजाए खेल व नाट्य विधाओं में अधिक था।
वे शर्मीले व औसत आत्मविश्वासी थे। वे मानते हैं कि गुजरते वक्त के साथ वे अधिक जिम्मेदार व आत्मविश्वासी हो गए हैं। हालांकि दादा राजकपूर की तुलना में वे खुद को काफी पीछे मानते हैं क्योंकि वे 19 बरस की उम्र में ही फिल्म निर्देशित कर चुके थे जबकि रनबीर 24 वर्ष के होकर कुछेक फिल्मों से ही जुड़ पाए हैं।
‘रॉकस्टार’ को मिल रही प्रतिक्रियाओं को लेकर वे स्पष्ट नजरिया रखते हैं। बकौल रनबीर ‘हमने फिल्म बॉक्स ऑफिस के कलेक्शन को मद्देनजर रखते हुए नहीं बनाई है। हमारी फिल्म का मकसद केवल उसके स्तर का सम्मान व दर्शक जुटाना था। हमने केवल दिल की आवाज सुनकर फिल्म बनाई है। यह भी अंदाजा था कि दर्शकों का एक वर्ग इसे खारिज कर सकता है। इस समय फिल्म को मिल रहे बड़े रिस्पांस की कल्पना हमने नहीं की थी।’
> क्या आप खुद को अच्छा एक्टर मानते हैं?
- हां, मैं बहुत अच्छा कलाकार हूं। शायद में ज्यादा हैंडसम नहीं दिखता और सेक्सी व दिल मचलाने वाला नायक नहीं हूं। बात अगर मेरी एक्टिंग व टैलेंट की हो तो मुझे खुद पर पूरा भरोसा है।
> फीमेल फैंस को आप कैसे हैंडल करते हैं?
- कई बार लगता है मेरे आस-पास कोई बड़ा ड्रामा हो रहा है। फिर मैं सोचता हूं कि लोग मेरे पीछे आ रहे हैं, मुझे छूना चाहते हैं, मेरा नाम लेकर चिल्लाते हैं, क्या यह सब सच है? मैं फैंस को खुले दिल से ऑटोग्राफ देता हूं। कभी ऐसा भी होता है कि मेरे फोटो नहीं खींचे जा रहे हैं तो मुझे बुरा लगता है। मैं चाहता हूं कि लोग मुझे अहमियत दें, हर कोई मुझे जाने और मुझे देखे।
> क्या आप रोमांटिक व्यक्ति हैं?
- हां मैं हूं लेकिन मेरा रोमांस आर्चीज गैलरी या हॉलमार्क की तरह नहीं है। मैं अपने प्यार को दोस्त के रूप में देखता हूं जिसे मैं सारी खुशियां दे सकूं।
> शादी की कट-ऑफ उम्र क्या तय की है?
- शादी और फिल्म निर्माण दोनों ही एक जैसे होते हैं। इन्हें आप प्लान नहीं करते बल्कि ये आपकी जिंदगी में स्वत: ही आ जाते हैं। उम्र चाहे 29 हो या 49, शादी तब ही होनी चाहिए जब आपको लगे कि सही व्यक्ति मिल गया है और सही वक्त आ गया है।
> अभिनेता के रूप में आपका लक्ष्य क्या है?
- मैं कोई लक्ष्य तो नहीं देख पाता लेकिन एक्टिंग के अलावा निर्माण व निर्देशन में भी हाथ आजमाना चाहता हूं। एक अभिनेता 25 साल के करियर में केवल पांच सुपरहिट दे पाता है, लेकिन मैं कम से कम 15 सुपरहिट देना चाहता हूं। मेरा जीवन फिल्मों को ही समर्पित है।