नई दिल्ली. करीना कपूर-इमरान खान के अभिनय वाली ‘एक मैं और एक तू’ रिलीज से पहले ही विवादों में फंसती आ रही है। ऐसी खबरें हैं कि इस फिल्म की कहानी कैमरून डायज और एश्टन कचर के अभिनय वाली ‘What Happens In Vegas’ से मिलती जुलती है। हालांकि फिल्म के प्रोड्यूसर ने इससे इनकार किया है।
प्रोड्यूसर करण जौहर का कहना है कि ‘एक मैं...’ की कहानी पूरी तरह अलग है। वेगास में हीरो-हीरोइन की शादी इस फिल्म का एक पहलू है न कि पूरी फिल्म इसी पर बनी है। प्रोमो से ऐसा लगता है कि यह फिल्म यूथ को ध्यान में रखकर बनाई गई है। ‘वैलेंटाइन डे’ के मौके को भुनाने की पूरी कोशिश में जुटे करण जौहर को इस फिल्म से भी ‘अग्निपथ’ जैसी रिकार्डतोड़ कमाई की उम्मीद है।
फिल्म के अन्य कलाकारों में बोमन ईरानी, रत्ना पाठक शाह और राम कपूर भी हैं। यह फिल्म दुनियाभर में 1200 स्क्रीन्स पर रिलीज हो रही है। 25 से 30 करोड़ की लागत में बनी इस फिल्म का निर्देशन शकुन बत्रा ने किया है। यह उनके कॅरियर की पहली फिल्म है।
‘एक मैं... वेगास में रहने वाले 26 साल के एक ऐसे शख्स की कहानी है जो अपने माता-पिता से बहुत डरता है। वह बिलकुल उनकी तरह ही बनना चाहता है। अचानक उसकी नौकरी चली जाती है। वह डर जाता है कि उसके माता-पिता यह सुनकर बहुत शर्मिंदगी महसूस करेंगे। लिहाजा यह बात उनसे छिपाकर वह दूसरे जॉब की तलाश में जुट जाता है। इसी दौरान उसकी मुलाकात एक लड़की से होती है, जिसके पास वो हर चीज है जो इस लड़के के पास नहीं है।