पाकिस्तान के पेशावर में बॉलीवुड के ट्रैजेडी किंग दिलीप कुमार और शो मैन राजकपूर के पुश्तैनी घरों को राष्ट्रीय धरोहर घोषित किया जाएगा। खैबर-पख्तूनवाला प्रांत के सूचना मंत्री मियां इफ्तेखार हुसैन ने कहा कि दोनों कलाकार हमारे गौरव हैं। दोनों अभिनेताओं की पैदाइश पेशावर की है और किसा ख्वानी बाजार में उनके घरों की साज संभाल की जाएगी।
हुसैन संस्कृति मंत्री और अधिकारियों के साथ दोनों अभिनेताओं के पुश्तैनी घरों को देखने भी गए जो जर्जर हालत में हैं। उन्होंने अधिकारियों को दोनों मकानों को उनके मौजूदा मालिकों से खरीदने की पेशकश करने तथा धरोहर सूची में शामिल करने की कार्रवाई करने को कहा। इसके अलावा दिलीप कुमार और राजकपूर पर नाटक और डॉक्यूमेंट्री भी बनाकर दिखाई जाएंगी।
दिलीप कुमार किसा ख्वानी बाजार के मोहल्ला खुदादाद में 11 दिसंबर 1922 को फल कारोबारी लाला गुलाम सरवर के यहां जन्मे थे। 1920 के दशक के आखिर में परिवार मुंबई चला गया था। वहीं जाने माने कलाकार पृथ्वीराज कपूर के बेटे राजकूपर भी 14 दिसंबर 1924 को पेशावर में ही पैदा हुए थे। पेशावर के दाखी नलबंदी में उनकी पांच मंजिला पुश्तैनी हवेली कई साल पहले ढह गई थी। हालांकि 60 कमरे अब भी बाकी हैं।