चेरिल ने कोएली पर लगाया आरोप

गायिका चेरिल कोल ने अपने संगीत बैंड "गल्र्स अलाउड" की साथी गायिका नैडिन कोएली पर आरोप लगाया है कि वह अपना संगीत एलबम जारी करना चाहती थीं जिस वजह से उनका बैंड बिखर गया।
वेबसाइट "कांटेक्ट म्यूजिक डॉट कॉम" के मुताबिक अपनी आत्मकथा "चेरिल : माई स्टोरी" में उन्होंने कहा कि पूरा बैंड साथ आने के लिए कोएली का इंतजार कर रहा था लेकिन कोएली के एलबम जारी करने के खुलासे से सबको पीछे हटना प़डा। वैसे 29 वर्षीया गायिका ने कहा कि यह बात सबको तब पता चली कि जब उन्होंने अपने निजी प्रबंधक को संगीत दौरे के लिए जाने वाली बस में भेजा तब सबने यह महसूस किया कि अब सभी को अवकाश लेने की जरूरत है।
"गल्र्स अलाउड" बैंड ने 2009 में आखिरी बार साथ काम किया था। इन दोनों के अलावा गायिका निकोला राबर्ट, किम्बर्ले वाल्श और सारा हार्डिंग इसकी सदस्य हैं। यह बैंड 19 अक्टूबर को वापसी कर रहा है।








