नई दिल्ली. 200 करोड़ रुपये से ज़्यादा का बिजनेस करने वाली बॉलीवुड सुपर स्टार सलमान खान की फिल्म 'एक था टाइगर' विवादों में फंस गई है। आरोप है कि फिल्म चोरी की गई कहानी के आधार पर बनाई गई है। आनंद पांडा नाम के एक शख्स ने शिकायत की है कि उनकी ही कहानी को चुराकर यशराज फिल्म्स ने फिल्म 'एक था टाइगर' बनाई। आनंद ने आरोप लगाया, 'मैंने यशराज फिल्म्स के दफ्तर जाकर अपनी कहानी सौंपी थी। यह कहानी करीब 50 दिनों तक यशराज फिल्म्स के दफ्तर में पड़ी रही। उसके बाद कहानी की कॉपी मुझे लौटा दी गई।'
आनंद की ही याचिका पर सुनवाई करते हुए बॉम्बे हाईकोर्ट ने फिल्म के निर्माता, निर्देशक और लेखक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने आदेश दिया। इस आदेश के आधार पर मुंबई पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस फिल्म की कहानी संयुक्ता और नीलेश मिश्रा ने लिखी है जबकि कबीर खान फिल्म के डाइरेक्टर और आदित्य चोपड़ा फिल्म के प्रोड्यूसर हैं। इस फिल्म ने भले ही 200 करोड़ से अधिक का कारोबार कर लिया हो, लेकिन देश की टॉप 20 फिल्मों में उसका स्थान कहीं भी नहीं है। अभी भी यह फिल्म पाकिस्तान में बैन है।