2011 में कई मैजिक मोमेंट्स रहे जिसमें सितारों के निजी जीवन में बहारें आईं। कहीं शादी की शहनाई बजी तो कहीं बधाई के ढोल।
नवंबर माह में ऐश्वर्या राय बच्चन ने नन्ही परी को जन्म दिया। देशभर ने बच्चन परिवार को बधाई संदेश भेजे। अब तक बेबी बी की तस्वीरें और नाम जानने का लोगों को इंतजार ही है। गत वर्ष रणवीर शौरी से शादी कर चुकीं एक्ट्रेस कोंकणा सेन शर्मा भी इस साल मार्च में मम्मा बनीं।
कोंकणा अब काम पर वापस लौट चुकी हैं वहीं ऐश ने बेबी बी के लिए साल भर का ब्रेक लिया है। एक्टर आमिर खान व उनकी डायरेक्टर पत्नी किरण राव के घर भी आईवीएफ तकनीक से बेटा आया। बेटे का नाम परफेक्शनिस्ट आमिर ने अपने स्वतंत्रता सेनानी ग्रैंड अंकल शहीद मौलाना अबुल कलाम आजाद के नाम पर आजाद राव खान रखा।
एक्ट्रेस लारा दत्ता और टेनिस खिलाड़ी महेश भूपति ने फरवरी माह में शादी की। लारा आगामी फरवरी में मां बनेंगी। बच्चन बहू की तरह लोगों से दूरी बनाने के बजाए वे मदरहुड को लेकर काफी खुलकर बात कर रही हैं। यूके मूल के व्यवसायी राज कुंद्रा से शादी के बाद एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी ने भी कुछ ही दिनों पहले प्रेग्नेंट होने की खबर दी। एक्ट्रेस सेलिना जेटली ने दुबई मूल के बिजनेसमैन पीटर हैग के साथ इस साल शादी की और कुछ ही दिन बाद प्रेग्नेंट होने का खुलासा किया। खबर है कि सेलिना जुडवां बच्चों को जन्म देने वाली हैं।
शुभ मंगल सावधान! इमरान खान ने अपनी गैरफिल्मी गर्लफ्रेंड अवंतिका मलिक से शादी की। शादी का रिसेप्शन अंकल आमिर खान ने दिया। फिल्ममेकर अनुराग कश्यप ने एक्ट्रेस गर्लफ्रेंड कल्की कोचलीन से ऊटी में पारंपरिक विवाह किया।
रिश्ते को खुलेआम स्वीकारने वालीं करीना ने सैफ के साथ शादी की घोषणा इसी साल की। चार साल के रिश्ते को आगामी मार्च में यह जोड़ी विवाह बंधन में बांधेगी। हालांकि फिलहाल होम प्रोडक्शन फिल्म ‘एजेंट विनोद’ के रिलीज के कारण शादी की तारीख तय नहीं हो पा रही है। गुड फ्रेंड्स का टैग लगाने वाले रितेश देशमुख और जेनेलिया डिसूजा ने भी आखिरकार फरवरी 2012 में शादी करने का फैसला ले लिया है।