शेखर कपूर की बहुप्रचारित फिल्म 'पानी' का क्या हो रहा है? दो साल पहले प्रतिष्ठित कान फिल्म फेस्टीवल में इस फिल्म को आधिकारिक तौर पर अंतरराष्ट्रीय मीडिया के सामने पेश करने के बाद 'पानी' की शूटिंग शुरू होने की बात तो दूर, अभी तक इस फिल्म के एक्टरों के नाम भी तय नहीं हुए हैं।
राष्ट्रीय इनोवेशन काउंसिल के सदस्य के तौर पर योजना आयोग में एक बैठक के लिए शेखर कपूर ने इस बारे में पूछने पर हाल में कहा, ''पानी' पर काम चल रहा है। डैनी बॉयल (स्लमडॉग मिलिनेयर के डायरेक्टर) इस फिल्म के प्रोड्यूसर होंगे।' कान फिल्म फेस्टीवल में की गई घोषणा के मुताबिक, 'पानी' में स्वरोवस्की एंटरटेनमेंट और मनमोहन शेट्टी मिलकर 30 मिलियन डॉलर (करीब 150 करोड़ रुपये) बजट वाली इस फिल्म में पैसा लगाने वाले थे। लेकिन अब डैनी बॉयल आ गए हैं।
भविष्य में पानी के संकट के बाद होने वाले काल्पनिक परिदृश्य पर आधारित और हॉलीवुड स्टारों और तकनीशियनों के गठजोड़ से बनने वाली इस अंतरराष्ट्रीय प्रेम कहानी का भविष्य क्या होगा यह स्पष्ट नहीं है। लेकिन, हॉलीवुड में भारतीय एक्टरों की कथित बढ़ती हैसियत और इस संदर्भ में टॉप की हॉलीवुड फिल्मों में अनिल कपूर जैसे स्टारों की 'बड़ी भूमिका' पर भारतीय मीडिया में भारी शोर शराबा जारी है।
पिछले दिनों रिलीज हुई 'मिशन इंपॉसिबल 4' में अनिल कपूर की 'आंख झपकाओ तो गायब' वाली भूमिका पर फिल्म के रिलीज होने के बाद अब एक और बड़ी हॉलीवुड फिल्म 'अमेजिंग स्पाइडरमैन' में इरफान की जबरदस्त भूमिका की चर्चा शुरू हो गई है एक दिन पहले सोनी पिक्चर्स ने स्पाइडरमैन शृंखला की चौथी फिल्म 'अमेजिंग स्पाइडरमैन' के ट्रेलर मीडिया को भेजे हैं।
दावा किया गया है कि थ्री डी में रिलीज हो रही इस बड़ी हॉलीवुड फिल्म में इरफान खान डॉ. राठा की महत्वपूर्ण भूमिका में हैं। इरफान कितनी बड़ी भूमिका में है, यह तब पता चलेगा जब यह फिल्म भारत में 3 जुलाई 2012 को रिलीज होगी। बहरहाल, एक अन्य बड़े फिल्मकार विधु विनोद चोपड़ा अपनी पहली हॉलीवुड फिल्म 'ब्रोकन एरो' की शूटिंग आगामी जुलाई से मेक्सिको में करने वाले हैं। बकौल चोपड़ा, इस फिल्म में डायरेक्टर (वे खुद) को छोड़कर कुछ भी भारतीय नहीं होगा।