'टाइगर' सलमान की बादशाहत को चुनौती दे रही है 'टाइग्रेस' बिपाशा

फिल्म 'राज 3' में बिपाशा बसु की एक्टिंग को काफी सराहा जा रहा है। 12 साल पहले उन्होंने 'राज' में भी लीड रोल किया था। इसका तीसरा पार्ट बॉक्स ऑफिस पर शानदार बिजनेस कर रहा है। इससे सलमान खान की फिल्म 'एक था टाइगर' की कमाई पर असर पड़ा है। 'एक था टाइगर' 200 करोड़ क्लब में जल्द ही शामिल हो सकती है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, 'एक था टाइगर' ने तीन हफ्तों में 194.84 करोड़ रुपये की कमाई की है। कयास लगाए जा रहे थे कि चौथे हफ्ते में यह 200 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर जाएगी। लेकिन बिपाशा की इस फिल्म के अच्छे परफॉर्मेंस के कारण यह मूवी इस टारगेट तक नहीं पहुंच पाई। 'राज 3' ने अब तक 39 करोड़ का बिजनेस किया है जिसे काफी अच्छा माना जा रहा है। फिल्म की सक्सेस के बारे में बिपाशा कहती हैं, 'यह सेलिब्रेट करने का समय है। फिल्म को अच्छे रिव्यूज मिले हैं। कुछ लोग तो यह भी कह रहे हैं कि 'टाइगर' (सलमान) के बाद 'टाइग्रेस' (बिपाशा) मैदान में उतर आई है। ऐसे कॉम्प्लिमेंट्स सुन काफी खुशी होती है। सलमान ने जिस तरह लोगों को एंटरटेन किया है, अगर मैं उसका 5 प्रतिशत भी कर पाऊं तो मेरे लिए बहुत खुशी की बात होगी।'
बिपाशा आगे कहती हैं, 'एक आंटी ने फिल्म देखी और मेरे काम की तारीफ की। फिर उन्होंने अचानक कहा कि उन्हें मेरे इस रोल के लिए मुझे थप्पड़ मारने का मन कर रहा है। यह सुन तो मैं शॉक्ड ही रह गई। इसके बाद उन्होंने मेरे गाल खींचे और गले से लगाया। उन्होंने मेरी बहुत बड़ाई की।'






