बॉलीवुड एक्ट्रेस बिपाशा बसु के लिए यह निश्चित रूप से अलग तरह का अनुभव रहा। दरअसल अब्बास-मस्तान निर्देशित फिल्म प्लेयर्स की रूस में चल रही शूटिंग के दौरान बिपाशा बसु को पुलिस स्टेशन ले जाया गया था।
मामला यह है कि फिल्म की शूटिंग के बाद बिपाशा अपने कॉ-स्टार सिकंदर खेर के साथ इवनिंग वॉक के लिए निकले थे। वॉक करते हुए वे एक ऐसी सड़क पर पहुंच गए जहां सभी साइनबोर्ड रशियन लैंग्वेज में थे। इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते कि एक पुलिस कार उनके पास रूकी और उन्हें स्थानीय पुलिस स्टेशन ले गए। इन सारी घटनाओं के बीच दोनों ही एक्टर शॉक्ड थे।
दरअसल वे जिस सड़क पर वॉक कर रहे थे, वहां सुरक्षा कारणों से शाम में लोगों के लिए मना है। रशियन भाषा में साइनबोर्डों के होने के कारण बिपाशा व सिकंदर इन्हें समझ नहीं पाए और इसी कारण उन्हें पुलिस स्टेशन जाना पड़ा।
पुलिस स्टेशन पहुंचने के बाद वहां मौजूद एक अधिकारी ने बिपाशा को पहचान लिया जिसने उनकी फिल्में देखी थीं और उसे अहसास हुआ कि वे गलती से वहां चले गए थे। इसके बाद वह पुलिस ऑफिसर बिपाशा का फैन बन गया और जाने से पहले उनका ऑटोग्राफ भी लिया।
बिपाशा उस स्ट्रीट का नाम भूल चुकीं हैं लेकिन उस घटना को याद कर मुस्कुराते हुए कहती हैं, "मुझे याद है कि जब वहां एक पुलिस ऑफिसर को पता चला कि मैं एक बॉलीवुड एक्टर हूं तो वह लगातार मुझसे माफी मांगता रहा। हालांकि इस घटना की शुरुआत में हम पूरी तरह हैरान थे लेकिन जब भी इस घटना को याद करते हैं तो हंसी आ जाती है। वास्तव में यह बहुत मजेदार था।"