'बिग बॉस' में स्वामी नित्यानंद के साथ नहीं दिखेंगे कुमार विश्वास
dainikbhaskar.com
| Oct 05, 2012, 08:06AM IST

वहीं, कुमार विश्वास का कहना है कि वह 'बिग बॉस' के मेहमान नहीं बनने जा रहे हैं। लेकिन भ्रष्टाचार विरोधी कार्टून बनाने के चलते देशद्रोह का आरोप झेल कर चर्चा में आए कार्टूनिस्ट असीम त्रिवेदी इस शो में नजर आएंगे।
अमृतसर से भाजपा सांसद नवजोत सिंह सिद्धू ने बिग बॉस के घर में जाने से पहले फेसबुक पर अपने प्रशंसकों की राय मांगी है। उन्होंने फेसबुक पर 'हिट लाइक इफ यू वुड लाइक टू सी नवजोत सिंह सिद्धू इन बिग बॉस -6' पोस्ट किया है। इसे अब तक 720 लोग लाइक कर चुके हैं, जबकि 56 लोगों ने इसे डिस्लाइक किया है। सिद्धू ने कहा कि उनकी पत्नी नवजोत कौर यह जानना चाहती हैं कि कितने लोग उन्हें बिग बॉस में देखना चाहते हैं। वैसे, सिद्धू का शो में जाना लगभग तय है और खबर है कि इसके लिए उन्होंने चार करोड़ रुपये लिए हैं।
बताया जा रहा है कि शो के होस्ट सलमान खान इस बार बिग बॉस के घर के सदस्यों के लिए कड़े नियम लागू करने की तैयारी में हैं। उन्होंने कुछ गाइडलाइंस तय की हैं। पहले हर बार विवादों में रहे बिग बॉस को इस बार पूरे परिवार का मनोरंजन करने वाला शो बनाने का दावा किया जा रहा है। सलमान इन दिनों शो के प्रोमोशन में व्यस्त हैं। प्रोमोशन में कुछ सीन सलमान एक तोता और मछली से बात करते नजर आते हैं। इस शो के जो हालिया प्रोमो टीजर सामने आए हैं उसमें सलमान ने तीन बंदरों के जैसा कुछ अभिनय किया है। जिसमें कहा गया है, 'बुरा मत देखो, बुरा मत कहो,बुरा मत सुनो।'
इस बार बिग बॉस के घर में कई नए एलिमेंट होंगे और मेहमानों को पारिवारिक होने का मंत्र दिया जाएगा। बिग बॉस के घर में इस बार डबल धमाल होने वाला है। एक करीबी सूत्र ने बताया कि, बिग बॉस में इस बार दो घर होंगे, जिनमें से एक तो मॉडर्न होगा और दूसरा गांव के जैसा घर होगा। हालांकि ग्रामीण जिंदगी का अहसास कराने वाला दूसरा घर भी पूरी तरह कैमरों की निगाहों में रहेगा। इस घर में जाने का रास्ता माडर्न घर से हो कर ही जाएगा। लेकिन कंटेस्टेंट को इसमें जाने की अनुमति बिग बॉस ही देंगे।
नवजोत सिंह सिद्धू, स्वामी नित्यानंद के अलावा कविता कौशिक, शिरीष कुंदर और अरुणा ईरानी के भी बिग बॉस 6 में आने की चर्चा है। गुलाबी गैंग की लीडर संपत का शो में आना तय है।
शो सात अक्टूबर से शुरू हो रहा है। इसके पांचों सीजन किसी न किसी कारण से विवादों में रहे हैं। शो के होस्ट और निर्माताओं का कहना है कि इस बार शो साफ-सुथरा होगा। आगे क्लिक कर जानें शो के कुछ संभावित मेहमानों के बारे में...






