बाल ठाकरे ने कहा, शाहरुख ने किया है 'तुच्छ काम'

मुम्बई। शिव सेना प्रमुख बाल ठाकरे ने बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान से सम्बद्ध बुधवार रात की वानखेड़े स्टेडियम की घटना को 'तुच्छ कर्म' करार देते हुए इसकी निंदा की है। उन्होंने मुम्बई क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) द्वारा शाहरुख खान के पांच साल तक वानखेड़े स्टेडियम में प्रवेश पर पाबंदी लगाने के निर्णय का समर्थन किया।
ठाकरे ने पार्टी के मुखपत्र 'सामना' में शनिवार को कहा कि अमेरिकी सुरक्षा अधिकारियों ने कई बार शाहरुख का अपमान किया लेकिन वह चुप रहे। उन्होंने कहा, "तब उन्होंने अपना आपा नहीं खोया। जब एक गरीब सिक्योरिटी गार्ड ने उनसे नियमों के पालन करने की बात कही तो उन्होंने उसे जिंदा गाड़ने की धमकी दी।"
ठाकरे ने एमसीए द्वारा शाहरुख पर पांच साल तक स्टेडियम में प्रवेश करने पर प्रतिबंध लगाए जाने का स्वागत करते हुए आजीवन प्रतिबंध की वकालत की। शिव सेना प्रमुख ने कहा कि आजीवन प्रतिबंध की जगह पांच साल की अवधि नई दिल्ली के दबाव में की गई है।







