बॉलीवुड महानायक अमिताभ बच्चन रविन्द्रनाथ टैगोर के मास्टरपीस 'एकला चलो रे' को अपनी आवाज देने के बाद काफी सम्मानित महसूस कर रहे हैं।
अमिताभ भी इस गाने को अपनी आवाज देने को लेकर बहुत उत्साहित हैं। आधी रात में घर वापस आने के बाद अमिताभ ने माइक्रो ब्लॉगिंग साइट ट्विटर पर इस बारे में अपडेट किया है।
रात के 12.30 बजे ट्वीट कर अमिताभ कहते हैं, 'अभी काम से वापस आया हूं, संगीत आपको समय का अहसास ही नहीं होने देता है।'
निर्देशक सुजॉय घोष इस फिल्म के गीतों का एक वीडियो भी निकाल रहे हैं लेकिन इसमें अमिताभ नहीं होंगे। घोष कहते हैं कि वह अमिताभ से इस वीडियो का हिस्सा बनने के लिए कहकर उनके प्यार का फायदा नहीं उठाना चाहते थे।
उन्होंने कहा, "हां, हमने एक म्यूजिक वीडियो के विषय में सोचा है लेकिन अमिताभ हमारे लिए पहले ही एक गीत में अपनी आवाज दे चुके हैं। वह बहुत उदार हैं। उनके प्यार का फायदा उठाना गलत है।"
फिल्म में अभिनेत्री विद्या बालन ने एक ऐसी गर्भवती महिला की भूमिका निभाई है जिसे अपने गुमशुदा पति की तलाश है। फिल्म नौ मार्च को प्रदर्शित होगी।
'कहानी' की मुख्य अभिनेत्री के सम्बंध में घोष ने कहा, "मेरे लिए विद्या पहले हैं और मेरी फिल्म बाद में। मैं बीते कुछ समय से उनके साथ काम करना चाहता था और अंतत: हमें एक अच्छी पटकथा मिल गई और हम उस पर आगे बढ़े।"