हिंदुस्तान आने वाली हर हस्ती के लिए प्रेम के प्रतीक ताजमहल का दीदार उसकी प्राथमिकताओं की सूची में शामिल होता है। हॉलीवुड अभिनेता आर्नोल्ड श्वात्जनेगर भी अपवाद नहीं थे लेकिन वह जिस दिन ताजमहल देखने के लिए पहुंचे उस दिन वह बंद था।
श्वात्जनेगर शुक्रवार दोपहर ताजमहल देखने के लिए पहुंचे लेकिन वह 17वीं सदी के इस स्मारक की केवल बाहरी खूबसूरती ही देख सके। दरअसल शुक्रवार को ताजमहल बंद रहता है।
उन्होंने पहले दशहरा घाट से स्मारक को नजदीक से देखा। इसके बाद उन्हें ताज को दूर से देखने के लिए नदी पार मेहताब बाग ले जाया गया।
श्वात्जनेगर को ताजमहल दिखाने के लिए उनके साथ मौजूद रहे गाइड्स ने संवाददाताओं को बताया कि श्वात्जनेगर आगरा दोबारा आएंगे और वह अपनी किसी फिल्म में ताजमहल के दृश्यों को भी शामिल करेंगे।
श्वात्जनेगर गुरुवार को 12वें दिल्ली सतत विकास शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए आए थे और फिर आगरा पहुंचे।