बॉलीवुड सुपरस्टार अमिताभ बच्चन अपनी पत्नी जया बच्चन के साथ अपने मेकअपमैन दीपक सावंत की भोजपूरी फिल्म 'गंगादेवी' में काम करेंगे।
अमिताभ ने माइक्रो ब्लागिंग साइट ट्विटर पर लिखा है, "कल मैं अपने मैकअपमैन सावंत की भोजपूरी फिल्म की शूटिंग में हिस्सा लूंगा। मेरे साथ जया भी होंगी। हम पूरे एक दिन शूटिंग करेंगे।"
अमिताभ ने आगे लिखा, "सावंत मेरे साथ बीते 35 साल से हैं। वह सेट पर हमेशा मेरे साथ होते हैं और एक दिन भी छुट्टी नहीं करते। बीआर फिल्म्स से काम शुरू करने वाले सावंत तभी से मेरे साथ हैं। अपने चेहरे को इतने लम्बे समय तक देखने के बाद मैं सावंत के लिए इतना तो कर ही सकता हूं।"
अमिताभ इससे पहले सावंत की एक अन्य फिल्म 'गंगा' में काम कर चुके हैं। इस फिल्म के माध्यम से अभिनेता गुलशन ग्रोवर भोजपुरी फिल्मों में कदम रखेंगे।