आगरा. ऑस्कर अवॉर्ड विजेता संगीतकार ए आर रहमान बुधवार को नई फिल्म एक दीवाना था का संगीत लांच करने आगरा पहुंचे। रहमान के साथ फिल्म के नायक प्रतीक बब्बर और नायिका एमी भी थी।
म्यूजिक लांच के बाद रहमान ताज का दीदार करने पहुंचे, प्रतीक और एमी भी उनके साथ ही थी। ताजमहल में हजारों की तादाद में विदेशी सैलानी भी थे। रहमान को देखते ही भारतीय प्रसंशक जहां उत्साहित हो गए वहीं विदेशी सैलानी इस बात को जानने में उत्सुक की कौन है जिसके पहुंचे ही ताज इतना रौनक हो गया।
जैसे ही उन्हें पता चला कि यह एआर रहमान हैं जिन्होंने स्लमडॉग मिलेनॉयर का गीत जय हो को संगीत दिया है वो उत्साही हो गए। आस्ट्रेलिया से आया करीब 40 युवतियों का एक समूह जय हो-जय हो गुनगुनाते हुए नृत्य करने लगा। 18 वर्षीय शर्लिन ने बताया, जय हो गीत मुझे नाचने पर मजबूर कर देता है। अभी इंडिया आते हुए भी मैं इसी गीत को गुनगुना रही थी।
दैनिक भास्कर डॉट काम से विशेष बातचीत के दौरान जब एआर रहमान से पूछा गया कि आपका संगीत अब तमाम सीमाओं को लांघकर हर उम्र और वर्ग के लोगों को पसंद आ रहा है, इसे आप किस रूप में देखते हैं। रहमान ने कहा, मेरे जीवन का उद्देश्य यही थाष ऐसा संगीत बनाऊं जो तमाम तरह की सीमाओं को लांघकर हर उम्र और वर्ग के लोगों को पसंद आए। ऐस संगीत जिससे लोगों को जीवन खूबसूरत लगे और जिंदगी में मुहब्बत घुल जाए।
रहमान ने कहा, संगीत जीवन को खूबसूरत बनाता है। लोग मुझसे ज्यादा मेरे संगीत को जानते हैं यही मेरी असली कामयाबी है। इससे पहले फिल्म के म्यूजिक लांच के दौरान रहमान ने कहा, ताजमहल से मुझे खास मुहब्बत है। मुहब्बत के इस संगीत की लांचिंग के लिए इससे खास जगह कोई हो ही नहीं सकती थी।